बीजेपी ने दिए शत्रुघ्न सिन्हा को निकालने के संकेत, राजद पटना साहिब से टिकट देने को तैयार

राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने शत्रुघ्न सिन्हा को राजद में आने का न्यौता दे दिया। राजद के इस खुले न्यौते से बिहार के बीजेपी नेताओं को बेचैन कर दिया है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने शत्रुघ्न सिन्हा को पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

शॉटगन के नाम से मशहूर भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा एक बार फिर से विवादों के केंद्र में हैं। राष्ट्रीय जनता दल ने बुधवार (13 जून) को पटना में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। इस इफ्तार में शत्रुघ्न सिन्हा भी मौजूद थे। इस पार्टी में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती ने शत्रुघ्न सिन्हा को राजद में आने का न्यौता दे दिया। मीसा ने कहा कि अगर वह चाहें तो अपनी पारंपरिक पटना साहिब सीट से लड़ सकते हैं। राजद के इस खुले न्यौते से बिहार के बीजेपी नेताओं को बेचैन कर दिया है। इस न्यौते के ठीक एक दिन बाद यानी गुरुवार (14 जून) को बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने शत्रुघ्न सिन्हा को पार्टी विरोधी गतिविधियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

शत्रुघ्न सिन्हा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का कट्टर आलोचक माना जाता है। पार्टी नेताओं की नाराजगी की फिक्र किए बगैर शत्रुघ्न सिन्हा राजद के इफ्तार में शामिल हुए थे। उन्हें लालू प्रसाद के छोटे बेटे और पूर्व डिप्टी सीएम तेजश्वी प्रसाद यादव ने न्यौता भेजा था। शत्रुघ्न सिन्हा इस इफ्तार पार्टी में आधा घंटे तक रुके थे। इस दौरान तेजश्वी ने कहा,”कोई भी पार्टी शत्रुघ्न को अपने साथ जोड़कर गर्व अनुभव करेगी क्योंकि वह बिहार के गौरव हैं।”

पार्टी के बाद मीसा ने बयान​ दिया था,”वह (शत्रुघ्न) भाजपा के शत्रु हैं, हमारे नहीं। अगर वह तैयार हों, तो हमारी पार्टी का नेतृत्व उन्हें खुशी—खुशी पटना साहिब से टिकट देने के लिए तैयार है।” हालांकि शत्रुघ्न ने इस बात से इंकार किया कि वह भाजपा छोड़ने जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने ये जरूर कहा कि लालू प्रसाद और उनके बच्चे उनके परिवार की तरह हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने गुरुवार को रिपोर्टरों को बताया,” शत्रुघ्न के पार्टी में अब गिनती के दिन बचे हैं। सही समय का इंतजार कीजिए, जब उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

 

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*