फीफा वर्ल्ड कप 2018: सबसे ज्यादा इंटरनेशनल गोल दागने वाले दूसरे फुटबॉलर बने रोनाल्डो

फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ियों में शुमार पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो लगातर नए कीर्तिमान स्थापित करते जा रहे हैं। बुधवार को फीफा वर्ल्ड कप के ग्रुप बी के मुकाबले में उन्होंने मोरक्को के खिलाफ शानदार हेडर के जरिए गोल दागा। रोनाल्डो का यह 152वें इंटरनेशनल मैच में 85वां गोल है। रोनाल्डो अब इंटरनेशनल फुटबॉल में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे आगे सिर्फ ईरान के अली देई हैं। अली ने 149 मैचों में 109 गोल कर सबसे आगे हैं। तीसरे नंबर पर हंगरी के फेरेंक पुसकस (84 गोल) का नाम आता है। रूस में जारी फीफा वर्ल्ड कप में रोनाल्डो अब तक चार गोल कर चुके हैं। रोनाल्डो चार विश्व कप (2006, 2010, 2014 और 2018) में गोल करने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे खिलाड़ी हैं। रोनाल्डो से पहले पेले, उवे सेलर और मिरोस्लाव क्लोज ही इस कीर्तिमान को स्थापित करने में कामयाब हो पाए हैं। रोनाल्डो वर्ल्ड कप के 15 मैचों में अब तक 7 गोल कर चुके हैं।
पुर्तगाल ने पहले मैच में स्पेन के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेला था जिसमें कप्तान रोनाल्डो ने शानदार हैट्रिक लगाई थी। पुर्तगाल के कप्तान अपने करियर में कुल 51 बार हैट्रिक लगा चुके हैं। वह विश्व कप में हैट्रिक लगाने वाले सबसे अधिक उम्र (33 वर्ष 13० दिन) के खिलाड़ी भी हैं। इसके अलावा रोनाल्डो लगातार आठ प्रमुख अंतरार्ष्ट्रीय टूनार्मेंट में गोल दागने वाले एक मात्र खिलाड़ी हैं। इन प्रमुख अंतरार्ष्ट्रीय टूनार्मेंट में विश्व कप, यूरोपीय चैम्पियनशिप और कोपा अमेरिका शामिल है। रोनाल्डो से पहले यूरोप एवं अमेरिका का कोई भी खिलाड़ी इस रिकॉर्ड को अपने नाम नहीं कर सका।
अन्य महान खिलाड़ियों की बात की जाए तो अर्जेंटीना के मेस्सी ने अपने देश के लिए 124 मैचों में 64 गोल किए हैं। महान पेले ने ब्राजील के लिए 91 मैचों में 77 गोल किए जबकि ब्राजील के ही एक अन्य स्टार रोनाल्डो ने 98 मैचों में 62 गोल किए थे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*