जानें कैसे अपने जीवन में ये पांच आदतों को अपनाकर आप बढ़ा सकते हैं 10 साल उम्र

अच्छी आदतें जीवन को बेहतर बनाने के साथ सफलता की ओर ले जाती हैं, जबकि बुरी आदतें असफलता का कारण बनती हैं। इसी क्रम में किए गए एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने दावा किया है कि पांच अच्छी आदतें अपनाकर हम अपनी उम्र को करीब 10 साल बढ़ा सकते हैं। शोधकर्ताओं के मुताबिक, पौष्टिक आहार लेना, नियमित रूप से व्यायाम करना, ऊंचाई के अनुरूप वजन को बनाए रखना, एल्कोहल और धूमपान से दूर रहना, ये ऐसी आदतें हैं, जिन्हें अपनाने के बाद कई बीमारियों को हम दूर भगा सकते हैं। इसके चलते उम्र में 10 साल का इजाफा हो सकता है।यह अध्ययन हार्वर्ड टी एच चैन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किया गया। अध्ययन में शोधकर्ताओं ने उपरोक्त पांच आदतों के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने वाले अमेरिकी महिला-पुरुषों और कम स्वस्थ जीवनशैली पर चलने वाले महिला-पुरुषों की तुलना की। शोधकर्ताओं ने पाया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने वालों में हृदय रोग से मृत्यु का खतरा 82 फीसद और कैंसर का खतरा 65 फीसद कम था। इस अध्ययन के अवधि लगभग 30 वर्ष थी।शोधकर्ताओं ने पाया कि जीवनशैली की पांच आदतों को अपनाकर किस तरह उम्र बढ़ सकती है। इसमें उन्होंने देखा कि धूमपान से दूरी, रोजाना 30 मिनट या उससे ज्यादा देर तक व्यायाम, एल्कोहल से दूरी, नियंत्रित वजन और पौष्टिक आहार का असर मृत्यु-दर पर पड़ता है। शोधकर्ताओं ने देखा कि जिन लोगों ने इन पांच आदतों को नहीं अपनाया था 50 वर्ष की आयु के बाद ऐसी महिलाओं के 29 वर्ष और पुरुषों के 25.5 वर्ष जीने की उम्मीद थी। वहीं, जिन लोगों ने इन पांचों आदतों को अपनाया था, 50 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं में 43.1 वर्ष और पुरुषों में 37.6 वर्ष अधिक जीने की उम्मीद थी।उपरोक्त अध्ययन के आधार पर शोधकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि पांचों अच्छी आदतें अपनाने वाली महिलाओं में औसतन 14 वर्ष और पुरुषों में 12 वर्ष आयु बढ़ जाती है। शोधकर्ताओं ने यह भी सलाह दी है कि इन पांचों आदतों को अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। इससे जीवन तनावमुक्त और स्वस्थ रहता है।यह अध्ययन सर्कुलेशन नामक जर्नल में प्रकाशित किया गया है। यह अपनी तरह का पहला अध्ययन है, जिसमें जीवनशैली के आधार पर आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। शोधकर्ताओं ने अध्ययन में 78,865 महिलाओं का 34 वर्ष का डाटा और 44,354 पुरुषों का 27 वर्ष का डाटा शामिल किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*