महिलाएं अपनी उम्र के चौथे दशक में सबसे ज्यादा संतुष्ट होती हैं: अध्ययन

महिलाएं आज भी अपनी सही उम्र बताने से भले कतराती हों, मगर एक अध्ययन में कहा गया है कि उनकी उम्र का चौथा दशक उनके लिए स्वर्णिम समय होता है। इस समय में महिलाएं अपने पूरे जीवन में सबसे ज्यादा खुश होती हैं और पहले से अधिक स्वस्थ महसूस करती हैं। अध्ययन के आधार पर विशेषज्ञों ने महिलाओं के लिए 44वें साल को खूबसूरत कहा है।

यह अध्ययन ब्रिटेन की एक प्रमुख खाद्य उत्पाद निर्माता कंपनी रिविटा ने किया है। इस अध्ययन के लिए 40 से 59 साल की तकरीबन दो हजार महिलाओं के आंकड़ों का आकलन किया गया। बातचीत के दौरान महिलाओं ने अपने जीवन से संतुष्टि प्रमुख कारण यह बताया कि इस उम्र में उनकी पेशेवर जिंदगी भी अच्छी चल रही है। अपने रिश्तों को लेकर भी वे पहले अधिक संतुष्ट हैं।

सर्वे में शामिल तकरीबन आधी महिलाओं का कहना था कि इस उम्र के बाद वो अब पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहती हैं। वह जहां हैं और जैसी हैं, बहुत खुश व संतुष्ट हैं। तकरीबन 85 फीसदी महिलाओं का नजरिया अपनी सेहत और रहन-सहन को लेकर बदल गया था। दो तिहाई महिलाएं अपने लुक्स को लेकर युवावस्था से अधिक आश्वस्त हैं। अब वह खुद के बारे में कम आलोचनात्मक हैं। इसके साथ ही दूसरी महिलाओं के प्रति ईर्ष्या के भाव में भी कमी आई है।

सर्वे में शामिल 62 फीसदी महिलाओं का कहना था कि अब वे अपने जीवन में अच्छा समय गुजारना चाहती हैं। अब वह व्यर्थ की उलझनों में समय बरबाद नहीं करना चाहती हैं और अपनी चीजों से पूरी तरह से संतुष्ट व खुश हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*