मनमोहन सिंह अमृतसर सीट से लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव, राहुल के सामने रखा जाएगा प्रस्ताव

चंडीगढ़. पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह अमृतसर सीट से कांग्रेस के लिए लोकसभा चुनाव में खड़े हो सकते हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी इसका प्रस्ताव पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के सामने रखेगी। पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल, राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा, विधायक कुलजीत सिंह नागरा ने यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ के सामने रखा था। दोनों इस सिलसिले में राहुल से मुलाकात करेंगे।

मनमोहन सिंह के चुनाव लड़ने से बढ़ेगा पंजाब का मान

पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि विधायकों और पार्टी की तरफ से यह बार-बार मांग आर ही है कि डॉ. मनमोहन सिंह को अमृतसर से चुनाव लड़वाया जाए। वह पूरी दुनिया के लिए मिसाल हैं। पार्टी प्रधान राहुल गांधी को यह संदेश जल्द देंगे। अगर डॉ. मनमोहन सिंह चुनाव लड़ते हैं तो यह पंजाब का मान होगा। डॉ. मनमोहन सिंह मूल रूप से होशियारपुर के हैं, लेकिन बाद में उनका परिवार अमृतसर में बस गया था। उनके भाइयों का कारोबार अमृतसर में ही है। वे अकसर अमृतसर जाते रहते हैं।

दोबारा राजनीति में सक्रिय हुए हैं मनमोहन सिंह,पार्टी में तालमेल भी बढ़ेगा

साल 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद से मनमोहन सिंह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। हालांकि, अब वे दोबारा राजनीतिक सभाओं में नजर आते हैं। मनमोहन सिंह ने 10 साल गठबंधन में ही सरकार चलाई है। ऐसे में माना जा रहा है कि उनके चुनाव लड़ने से कांग्रेस का महागठबंधन की पार्टियों से तालमेल बेहतर हो सकता है।

अमृतसर में कांग्रेस के पास मजबूत उम्मीदवार नहीं

कैप्टन अमरिंदर सिंह के सीट छोड़ने के बाद गुरमीत सिंह औजला अमृतसर से चुनाव जीते। लोकसभा चुनाव के लिए नवजोत कौर सिद्धू ने चंडीगढ़ से टिकट पर दावा किया है। ऐसे में कांग्रेस के पास अमृतसर से मजबूत दावेदार नहीं है। अमृतसर सीट कांग्रेस और अकाली-भाजपा के लिए हमेशा नाक का सवाल रही है। ऐसे में कांग्रेस यहां हर हाल में जीत दर्ज करना चाहती है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*