19वीं बार बदलेगा फ्रांस के एफिल टॉवर का रंग, 60 हजार किलो पेंट से 3 साल में फिर से रंगा जायेगा

फ्रांस के मशहूर एफिल टॉवर के 129 साल के इतिहास में 19वीं बार इसका रंग बदला जाएगा। इसमें तीन साल का समय लगेगा। टॉवर की चमक को बनाए रखने के लिए 60 हजार किलो लाल पेंट की जरुरत पड़ेगी। इसके लिए 2.4 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। टॉवर की पुताई करने का काम अक्टूबर में शुरू होगा। बता दें कि एफिल टॉवर 1889 में बना था, तब इसका रंग लाल ही था। टॉवर की चमक कुछ फीकी पड़ गई है, इसलिए इसे पूरा पेंट किया जाएगा। पेरिस सिटी प्रशासन और फ्रांस सरकार ने टॉवर को लाल रंग में रंगने की योजना बनाई है।

– जब एफिल टॉवर बना था, तो इसका रंग लाल ही रखा गया था। अब उस इतिहास को ताजा करने के लिए इसे फिर से लाल रंग में रंगा जाएगा।
– अभी एफिल टॉवर का रंग हल्का भूरा है। प्रशासन का ये भी तर्क है कि एफिल टॉवर में अब कई जगह जंग भी लगने लगी है। जंग टॉवर की खूबसूरती पर धब्बा लगाती है।
– अब जंग हटाने के लिए हर साल इतनी बड़े टॉवर की पुताई तो कराई नहीं जा सकती। इसलिए बेहतर होगा कि इसे लाल रंग में रंग दिया जाए, जिससे हल्की-फुल्की जंग के निशान दिखाई ही ना दें।
– लाल रंग में रंगने के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगनी अभी बाकी है।
– एफिल टॉवर को पेंट करने के लिए करीब 60 हजार किलो पेंट खर्च होगा। इसके लिए 2.4 हजार करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। पुताई करने में करीब 3 साल का वक्त लगेगा। पुताई के साथ टॉवर के कुछ हिस्सों की मरम्मत भी कराई जाएगी।
– 324 मीटर ऊंचे एफिल टॉवर को 1889 में आर्किटेक्ट गुस्ताव एफिल ने बनवाया था। अब तक 18 बार इसका रंग बदला जा चुका है। हर 7-8 साल में पूरा टॉवर पेंट कराया जाता है।
– एक बार में 25 लोगों की टीम इसको पेंट करने में लगती है। हालांकि टॉवर को पेंट करना अब मुश्किल के साथ-साथ खतरनाक भी हो चुका है। पुराने लोहे पर लेड की मोटी-मोटी पर्त जम चुकी हैं। इसपर लेड से पेंट करने वाले मजदूरों को इंफेक्शन होने का खतरा है।
– इसलिए पेरिस सिटी प्रशासन का ये भी सुझाव है कि टॉवर का रंग ना बदलकर पुराने पेंट पर ही नया भूरा पेंट करा दिया जाए। इस पर आखिरी फैसला फ्रेंच मंत्रालय ही करेगा ।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*