कांग्रेस ने आम चुनाव के लिए 15 उम्मीदवारों का किया ऐलान, अपनी परंपरागत सीट से लड़ेंगे सोनिया गांधी और राहुल गांधी

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 15 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिनमें से 11 नाम उत्तर प्रदेश से हैं और 4 गुजरात से हैं। लिस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी नाम हैं, जो अपनी मौजूदा सीट अमेठी और रायबरेली से ही चुनाव लड़ेंगे।

कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 15 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। गुरुवार देर शाम कांग्रेस ने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश से 11 और गुजरात से 4 लोकसभा उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के उम्मीदवारों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी नाम हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी अपनी परंपरागत संसदीय सीट अमेठी और रायबरेली से ही चुनावी मैदान में उतरेंगे।

कांग्रेस की इस लिस्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश की फर्रुखाबाद सीट से एक बार फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद चुनावी मैदान में उतरेंगे। वहीं एक और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह कुशीनगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा जितिन प्रसाद धौरारा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, बदायूं से सलीम इकबाल शेरवानी, सहारनपुर से इमरान मसूद, उन्नाव से अनु टंडन, अकबरपुर से राजाराम पाल, जालौन से बृजलाल खबरी, फैजाबाद से निर्मल खत्री को टिकट दिया गया है।

लिस्ट में उत्तर प्रदेश के 11 उम्मीदवारों के अलावा गुजरात से भी 4 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। गुजरात के अहमदाबाद वेस्ट सीट से राजू परमार, आणंद से भरत सिंह सोलंकी, वडोदरा से प्रशांत पटेल और छोटा उदयपुर से रंजीत मोहनसिंह राठवा को उम्मीदवार बनाया गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*