2019 Lok Sabha Election से ठीक पहले उत्तर प्रदेश से सक्रिय सियासत में डेब्यू करने वाली प्रियंका गांधी अब गुजरात में रैली करने जा रही हैं। अरसे से बीजेपी का गढ़ बन चुके गुजरात में यह रैली 28 फरवरी को होगी। इस दौरान प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी होंगे। बता दें कि गुजरात में 2017 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी थी। ऐसे में प्रियंका की इस रैली से बीजेपी नेताओं के चेहरे पर शिकन आनी तय मानी जा रही है।
अडालज में होगी संकल्प रैलीः उत्तर प्रदेश के बाद अब गुजरात के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए प्रियंका की यह ‘संकल्प रैली’ अडालज में होगी। माना जा रहा है कि इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। गौरतलब है कि गुजरात में कांग्रेस करीब तीन दशक से सत्ता से बाहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह दोनों ही गुजरात से आते हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में राज्य की सभी लोकसभा सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया था। ऐसे में बीजेपी को यहां टक्कर देना कांग्रेस के लिए बड़ा चैलेंज होगा।
पहली बार सोनिया-राहुल-प्रियंका साथ-साथः अडालज में रैली से पहले प्रियंका अहमदाबाद में कांग्रेस कार्य समिति की बैठक को भी संबोधित करेंगी। कांग्रेस के एक नेता के मुताबिक, इस बैठक में केंद्र सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर एक प्रस्ताव पास किया जाएगा। गौरतलब है कि यह पहला मौका होगा, जब सोनिया और राहुल दोनों की मौजूदगी में प्रियंका गांधी भी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेंगी। गुजरात में पार्टी के दिग्गज नेताओं के स्वागत के लिए तेजी से पोस्टर-बैनर लगाए जा रहे हैं। प्रियंका को हाल ही में पार्टी महासचिव और लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी भी बनाया गया है।
2014 लोकसभा चुनाव में ऐसे थे नतीजे : गौरतलब है कि गुजरात में लोकसभा की 26 सीटें हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में सभी 26 सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी। उस वक्त बीजेपी को राज्य में 59.1 फीसदी वोट मिले थे। इसके बाद 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जरूर कड़ी टक्कर दी थी। उस वक्त 182 विधानसभा क्षेत्रों वाले इस राज्य में बीजेपी को 99 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81 सीटों पर जीत हासिल की थी।
Be the first to comment